एक वर्ष से आवास की मजदूरी के लिए भटक रहे बैगा परिवार।
जनमन योजना में आवास पूर्ण होने के बाद भी नहीं मिली मजदूरी, मस्टर रोल नहीं दिखाने का आरोप
Also Read
सीधी के जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत सेंधवा में जनमन योजना के तहत आवास निर्माण कराने वाले दर्जनभर बैगा हितग्राही मजदूरी की राशि के लिए लंबे समय से भटक रहे हैं। हितग्राहियों का कहना है कि वर्ष 2024 और 2025 में उनके आवास निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें आवास निर्माण से संबंधित मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। हितग्राहियों ने सचिव और रोजगार सहायक पर बार-बार आश्वासन देकर गुमराह करने का आरोप लगाया है।
मस्टर रोल नहीं दिखाने का आरोप
हितग्राहियों का आरोप है कि उन्होंने रोजगार सहायक से कई बार आवास योजना के तहत तैयार किए गए मस्टर रोल की जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें मस्टर रोल नहीं दिखाया गया। इससे हितग्राहियों ने मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, मस्टर रोल में फर्जी नाम दर्ज कर राशि आहरण किए जाने की आशंका को लेकर हितग्राहियों ने सवाल उठाए हैं, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
टॉप बीम तक काम, फिर भी मजदूरी नहीं
हितग्राहियों के अनुसार वीर बहादुर बैगा, ददुल्ला बैगा, बुद्धिमान बैगा और सुरेंद्र बैगा के आवास निर्माण का कार्य टॉप बीम तक पहुंच चुका है, लेकिन उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं कई अन्य हितग्राहियों के आवास वर्ष 2024 और 2025 में पूर्ण होने के बावजूद मजदूरी राशि लंबित बताई जा रही है।
हितग्राहियों ने सुनाई परेशानी
उदयभान बैगा ने बताया कि उनका आवास मई 2025 में पूर्ण हो गया था, लेकिन आज तक मजदूरी नहीं मिली। उन्होंने कलेक्टर से मजदूरी दिलाने और मामले में दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दशमतिया बैगा के अनुसार उनका आवास अप्रैल 2024 में पूरा हो गया था, लेकिन मजदूरी अब तक नहीं मिली। सचिव और रोजगार सहायक से संपर्क करने पर उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता है।
लालभान बैगा ने बताया कि उनका आवास जून 2025 में पूरा हुआ, जबकि विजय बाबू बैगा के अनुसार उनका आवास मार्च 2024 में ही पूर्ण हो चुका है, लेकिन मजदूरी राशि अब तक नहीं मिली।
भैया लाल बैगा ने बताया कि उनका आवास करीब डेढ़ वर्ष पहले बनकर तैयार हो गया था। मस्टर रोल दिखाने की मांग करने पर भी रोजगार सहायक द्वारा जानकारी नहीं दी गई।
अजय बैगा ने भी बताया कि उनका आवास वर्ष 2024 की गर्मी में तैयार हो गया था, लेकिन मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मजदूरी दिलाने और मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों ने जांच का दिया आश्वासन
ग्राम पंचायत सेंधवा के सचिव विजय बहादुर सिंह ने कहा कि बैगा हितग्राहियों की आवास मजदूरी एक वर्ष तक लंबित नहीं होनी चाहिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद इसकी जांच कराई जाएगी और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
वहीं जनपद पंचायत मझौली की सीईओ सुरभि श्रीवास्तव ने कहा कि आवास योजना की मजदूरी लंबित होने की जानकारी उनके संज्ञान में अब तक नहीं आई थी। इसकी जिम्मेदारी रोजगार सहायक की होती है। अब मामला जानकारी में आया है तो इसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



