15 वर्षीय नाबालिक बालिका लापता, फुलकी संचालक पर बहला फुसला कर ले जाने का आरोप

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 01 Oct 2026, 08:34 AM IST | 1 min read
Share:

कुसमी में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका लापता, फुल्की ठेला संचालक पर परिजनों ने लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

कुसमी। थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर कुसमी पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने स्थानीय स्तर पर फुल्की (गोलगप्पे) का ठेला लगाने वाले अंकित नामक युवक पर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक बालिका के लापता होने के बाद उसकी तलाश की गई, जिसमें अंकित की भूमिका संदिग्ध नजर आने पर पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमी पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस द्वारा कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से बालिका की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि बालिका की सकुशल दस्तयाबी प्राथमिकता है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।