आंगनबाड़ी भर्ती में कथित अनियमितता और तीन साल से ₹1500 की सहायता राशि नहीं मिलने का मुद्दा उठेगा
कुसमी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति में कथित अनियमितता और शासन के आदेश के बावजूद पिछले तीन वर्षों से बैगा समाज के पात्र हितग्राहियों को ₹1500 की मासिक सहायता राशि नहीं मिलने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बैगा समाज 9 अक्टूबर को कुसमी में बड़ा आंदोलन करने जा रहा है। बैगा विकास संगठन एवं राष्ट्रीय दलित महासभा के संयुक्त तत्वावधान में विशाल जनसभा और रैली का आयोजन किया जाएगा।
Also Read
आयोजन के अनुसार, 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कुसमी मुख्य बाजार के पीछे तालाब के पास स्थित मैदान में जनसभा आयोजित होगी। जनसभा के बाद समाज के लोग रैली निकालेंगे और विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी को ज्ञापन सौंपेंगे।
आंगनबाड़ी भर्ती की जांच की मांग
आंदोलन में महिला एवं बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। समाज का आरोप है कि नियुक्ति प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
तीन साल से ₹1500 की राशि नहीं मिलने का मुद्दा
बैगा समाज के पात्र हितग्राहियों को शासन के आदेश के बावजूद पिछले तीन वर्षों से प्रतिमाह ₹1500 की आर्थिक सहायता राशि का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी आंदोलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही आदिवासी समाज के हक-अधिकार, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण की मांग भी रखी जाएगी।
प्रदेशभर से समाज के लोगों को जुटाने की अपील
बैगा विकास संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमलाल बैगा एवं भगवार निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक गौरीशंकर बैगा ने समाज के लोगों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज के हक और अधिकारों की आवाज शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने के लिए एकजुटता जरूरी है। संगठन ने स्थानीय क्षेत्र के साथ प्रदेशभर के बैगा समाज के लोगों से 9 अक्टूबर को कुसमी पहुंचकर जनसभा एवं रैली को सफल बनाने का आह्वान किया है।



