आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही पर बीएमओ ने ऑपरेटर को लगाई फटकार
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान कार्ड बनवाने पहुंच रहे हितग्राहियों को कथित रूप से परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। हितग्राहियों का आरोप है कि आयुष्मान कार्ड प्रभारी रानी पटेल द्वारा कार्ड बनाने के बजाय उन्हें बाजार से कार्ड बनवाने की बात कहकर टाल दिया जाता है। साथ ही, हितग्राहियों से उचित व्यवहार नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
Also Read
मामले की शिकायत जब बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह के पास पहुंची तो उन्होंने आयुष्मान कार्ड कार्य में लापरवाही को लेकर संबंधित ऑपरेटर को फटकार लगाई और हितग्राहियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें कभी मशीन उपलब्ध न होने तो कभी अन्य कारण बताकर बाजार से कार्ड बनवाने की सलाह दी जाती है। इससे ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। आरोप यह भी है कि ड्यूटी के दौरान संबंधित कर्मचारी मोबाइल में व्यस्त रहती हैं और हितग्राहियों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं देतीं।
शिकायत के बाद बीएमओ ने संबंधित हितग्राही से चर्चा की। वहीं, आयुष्मान कार्ड प्रभारी ने हितग्राही से इस तरह की कोई बातचीत होने से इनकार किया। इसके बावजूद बीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्य में सुधार के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, ऐसे में हितग्राहियों को बाजार के चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि आयुष्मान कार्ड कार्य की नियमित निगरानी की जाए, ताकि लोगों को शासन की योजना का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।
बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह ने हितग्राही को जल्द ही आयुष्मान कार्ड संबंधी कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है।



