अमिलिया पुलिस ने किया मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा, चोरी की बाइक और पार्ट्स बरामद
अमिलिया, कमर्जी और कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरियों के मामले में कार्रवाई, एक मोटरसाइकिल बरामद; दूसरी के दो इंजन और चार टायर-रिम जब्त
Also Read
सीधी। जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अमिलिया पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही दूसरी मोटरसाइकिल के दो इंजन और चार टायर-रिम सहित अन्य पार्ट्स भी बरामद किए हैं। मामले में एक संदेही और कथित खरीदार की भूमिका सामने आई है। पुलिस द्वारा संबंधित थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चमरौहा निवासी बुद्धसेन रावत (49) ने 21 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक MP53MD5539, 17 अक्टूबर को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने से चोरी हो गई थी। शिकायत पर थाना अमिलिया में अपराध क्रमांक 621/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने थाना जियावन क्षेत्र में चौकी कुंदवार पुलिस की सहायता से ग्राम बिलारो निवासी राजेश साकेत (20) से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमिलिया क्षेत्र से 17 अक्टूबर, कमर्जी क्षेत्र में सोन नदी के पास 19 अक्टूबर तथा कोतवाली क्षेत्र में अस्पताल के बाहर सितंबर और अक्टूबर माह के दौरान हुई दो मोटरसाइकिल चोरियों के संबंध में जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, अमिलिया और कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिल ग्राम कुबरा निवासी अब्दुल कादिर अंसारी (38) को बेचने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान अमिलिया क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई दूसरी मोटरसाइकिल को काटकर उसके पार्ट्स अलग कर दिए गए थे। पुलिस ने दो इंजन और चार टायर-रिम सहित अन्य पुर्जे बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना अमिलिया, थाना कमर्जी और चौकी कुंदवार, थाना जियावन की पुलिस टीम ने समन्वय के साथ काम किया। कमर्जी और कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों को जानकारी देकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है।



