अष्टमी पर माता के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, कन्या पूजन, बच्चों का मुंडन, कथा-कीर्तन और बैंड-बाजे की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल**
Also Read
**कुसमी, सीधी।** शारदीय नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर कुसमी जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम गोतरा स्थित प्रसिद्ध प्राचीन मां अष्टभुजी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के गांवों से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
अष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों कन्याओं सहित हजारों श्रद्धालुओं ने माता का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान कन्या पूजन, बच्चों का मुंडन संस्कार, कथा-प्रवचन और कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन भी हुए। बैंड-बाजे की गूंज और माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
**माता के दरबार में दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु**
गोतरा का प्राचीन मां अष्टभुजी मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां माता के दरबार में सच्चे मन से प्रार्थना करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। भक्त माता के चरणों में नारियल अर्पित करने के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी चढ़ाते हैं।
अष्टमी के दिन मंदिर में दर्शन-पूजन, धार्मिक अनुष्ठानों और विशाल भंडारे के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने मां अष्टभुजी से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



