सीधी में अवैध खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 9 वाहन और एक जेसीबी जब्त
**रेत और मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर शिकंजा, वाहन मालिकों के खिलाफ दर्ज होंगे प्रकरण**
Also Read
**सीधी।** जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं खनिजों के भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। यह कार्रवाई तहसील गोपदबनास, बहरी और कुसमी के विभिन्न क्षेत्रों में की गई। जब्त वाहनों में रेत का अनाधिकृत परिवहन करने वाले हाइवा, ट्रैक्टर और 407 वाहन के साथ मुरूम के उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त हाइवा शामिल हैं।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन और जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।
### रेत के अवैध परिवहन में 7 वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान रेत का अनाधिकृत परिवहन करते पाए जाने पर चार हाइवा वाहन क्रमांक MP17ZM2590, MP17ZP9372, MP17ZL2035 और MP17HH4178 को जब्त किया गया। इसके अलावा दो ट्रैक्टर क्रमांक MP53ZC2823 और MP53ZD6572 तथा एक 407 वाहन, जिसका चेसिस क्रमांक MAT804301N8D07804 है, को भी जब्त किया गया।
### मुरूम के मामले में दो हाइवा और जेसीबी जब्त
इसी तरह मुरूम के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन के मामले में दो हाइवा वाहन क्रमांक MP53ZH8001 और MP53HA1987 के साथ एक जेसीबी मशीन जब्त की गई। जेसीबी का चेसिस क्रमांक RAJ3DXE5V03593012 बताया गया है।
### अलग-अलग थानों में रखे गए वाहन
जब्त किए गए वाहनों और जेसीबी मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से जिले के विभिन्न पुलिस थानों में खड़ा कराया गया है। इनमें छह वाहन और एक जेसीबी मशीन कोतवाली थाना, एक वाहन जमोड़ी थाना, एक वाहन बहरी थाना तथा एक वाहन कुसमी थाना में रखा गया है।
### वाहन चालकों और मालिकों पर होगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार, संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



