बैगा जनजाति की बस्ती तक पहुंचने वाली प्रधानमंत्री सड़क निर्माण पर उठे सवाल
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष के निरीक्षण में बेस में मिट्टी, पुलों में रड़का उपयोग का आरोप
Also Read
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत कुसमी-मेडरा पहुंच मार्ग से आदिवासी बैगा बस्ती लदगढ़ तक बनाई जा रही प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमल जायसवाल ने निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता से समझौते के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद बीते रविवार को कांग्रेस पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सड़क के बेस में निर्धारित 40 एमएम गिट्टी के स्थान पर मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है तथा हल्की गुणवत्ता वाली गिट्टी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत देते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य करने की बात कही।
पुल निर्माण में राखड व मिट्टीयुक्त गिट्टी के उपयोग का आरोप
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विमल जायसवाल ने आरोप लगाया कि सड़क पर बनाए जा रहे पुलों में राखड एवं मिट्टीयुक्त गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि पुल की ऊंचाई बढ़ाने के लिए भी राखड सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
मजदूरी भुगतान को लेकर भी उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान मजदूरों से मजदूरी के संबंध में जानकारी ली गई। कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार मौके पर मजदूरी भुगतान से संबंधित कोई सूचना बोर्ड दिखाई नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों को निर्धारित एवं पर्याप्त मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
*स्थानीय मजदूरों के पंजीयन की जांच की मांग*
विमल जायसवाल ने आरोप लगाया कि बड़े निर्माण प्रोजेक्टों में स्थानीय ग्रामीणों से मजदूरी का कार्य तो कराया जा रहा है, लेकिन कई मजदूरों का श्रम विभाग में पंजीयन नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मजदूर के साथ कार्य के दौरान दुर्घटना होती है तो पंजीयन के अभाव में उसे शासन की योजनाओं एवं श्रमिक हितलाभ से वंचित होना पड़ सकता है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि कुसमी क्षेत्र में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों में काम कर रहे सभी मजदूरों के श्रम विभागीय पंजीयन और ठेकेदार द्वारा किए गए रिकॉर्ड का सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क परियोजना के अलावा सांदीपनि विद्यालय, सीएम राइज भवन, जनपद पंचायत भवन तथा कन्या शिक्षा परिसर बेलहा सहित अन्य निर्माण कार्यों में भी स्थानीय मजदूरों के पंजीयन की जांच आवश्यक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता पाया जाता है या बिना पंजीयन मजदूरों से काम कराया जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी तय की जानी चाहिए। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोष पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।



