बैगा विकास प्राधिकरण की मांग को लेकर संघ ने तेज किया जनसंपर्क।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 10 Oct 2026, 09:37 AM IST | 1 min read
Share:

बैगा विकास प्राधिकरण की मांग को लेकर समाज संघ ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

जिलाध्यक्ष रामशाह बैगा ने अमर पान पंचायत का किया दौरा, 27 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्ट्रेट के सामने धरने की चेतावनी

चितरंगी, बैगा विकास प्राधिकरण में सीधी एवं सिंगरौली जिलों को शामिल करने की मांग को लेकर बैगा समाज संघ मध्य प्रदेश ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में संघ के सिंगरौली जिलाध्यक्ष रामशाह बैगा ने चितरंगी विकासखंड की अमर पान ग्राम पंचायत का दौरा कर समाज के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान आगामी जिला स्तरीय आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की गई।

संघ के अनुसार, 7 अक्टूबर को प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को मांग-पत्र सौंपकर सीधी और सिंगरौली को बैगा विकास प्राधिकरण में शामिल करने की मांग उठाई थी। इसके बाद संगठन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को मांगों के प्रति जागरूक कर रहा है।

सामाजिक एवं मूलभूत समस्याओं पर हुई चर्चा

अमर पान ग्राम पंचायत में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में चितरंगी ब्लॉक अध्यक्ष किशुन प्रसाद बैगा, उपाध्यक्ष विकास कुमार बैगा, सचिव राजेंद्र लाल बैगा, बैढ़न उपाध्यक्ष राजराखन बैगा तथा व्यवस्थापक दीपक सतरंगी सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बैगा समाज की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की मांगों को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एकजुटता और जागरूकता जरूरी है।

27 अक्टूबर तक ठोस कार्रवाई की मांग

जिलाध्यक्ष रामशाह बैगा ने शिक्षित युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के जागरूक नागरिकों से आगामी जिला स्तरीय आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव तक आंदोलन की जानकारी पहुंचाकर समाज की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैगा समाज संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 27 अक्टूबर 2026 तक बैगा विकास प्राधिकरण में सीधी एवं सिंगरौली जिलों को शामिल करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो सिंगरौली कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ का कहना है कि बैगा समुदाय के विकास और पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। संगठन ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट होने की अपील की।

बैगा समाज संघ का नारा — “सिंगरौली-सीधी में बैगा विकास प्राधिकरण लागू करो!”

जय जोहार! बैगा समाज एकता जिंदाबाद!