भदौरा में चबूतरा निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की।
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भदौरा में पंचायत भवन के सामने कराए जा रहे चबूतरा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है।
Also Read
ग्रामीणों के अनुसार चबूतरा निर्माण के लिए पर्याप्त गहराई तक नींव की खुदाई नहीं की गई है। आरोप है कि नींव तैयार करने के बजाय मिट्टी डालकर चबूतरे का आधार बनाया जा रहा है। इसके बाद डस्ट एवं 10 एमएम गिट्टी का उपयोग कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य की जांच नहीं हो जाती, तब तक कार्य को रोक दिया जाना चाहिए, ताकि सरकारी राशि से होने वाले निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो के माध्यम से ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान निर्माण कार्य की ओर आकर्षित कराते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच करते हैं या नहीं और जांच के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर क्या स्थिति सामने आती है।



