# छुहिया घाटी कांड: ₹30 हजार का इनामी तीसरा आरोपी संजय पटेल गिरफ्तार
### एमपी-यूपी सीमा पर पुलिस ने की घेराबंदी, भागने के दौरान मोटरसाइकिल से पीछा कर दबोचा; घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
**सीधी।** छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने के मामले में सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹30 हजार के इनामी फरार आरोपी संजय पटेल (30 वर्ष), निवासी कुइयाँ कला, थाना मनगवां, जिला रीवा को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी है। आरोपी की तलाश में सीधी और रीवा पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई थीं।
Also Read
### मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, भागते समय पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश के दौरान भौतिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा के पास उसकी मौजूदगी का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। इसी दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
### पूछताछ में घटना में भूमिका की जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमले और बंदी को छुड़ाकर ले जाने की घटना में अपनी भूमिका के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस द्वारा आरोपी के कथनों का उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है।
### वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में सीधी एवं रीवा पुलिस के समन्वित प्रयासों से की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रामपुर नैकिन निरीक्षक सुधांशु तिवारी, उपनिरीक्षक शेषमणि मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रसन्न मिश्रा एवं धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक लक्ष्मीकांत पाण्डेय, सचिन साहू एवं विवेक द्विवेदी, नायक शशिशेखर उपाध्याय तथा साइबर सेल के कृष्ण मुरारी दुबे का सराहनीय योगदान रहा।
### अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रकरण थाना रामपुर नैकिन में अपराध क्रमांक 1000/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 में दर्ज है।



