दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में जा रहा डीजे पिकअप पलटा, एक युवक की मौत, दो गंभीर…

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 22 Oct 2026, 05:13 AM IST | 1 min read
Share:

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में जा रहा डीजे पिकअप पलटा, एक युवक की मौत, दो गंभीर

शहडोल के टेटकी-सेमरा मोड़ पर हादसा, पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा

शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे डीजे लोड पिकअप के पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद विसर्जन की तैयारियों के बीच खुशी का माहौल मातम में बदल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गोहपारू थाना क्षेत्र के टेटकी-सेमरा मोड़ की है। डीजे लोड पिकअप दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खन्नौधी जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में कमलेश बैगा वाहन के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।

सीएसपी ने दी घटना की जानकारी

सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि टेटकी-सेमरा मोड़ पर डीजे लोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और दुर्घटना की जांच सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।