एक का जबड़ा फटा आए 9 टाके दूसरा बेहोस,सीधी मे हुआ एक्सीडेंट

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 08 Oct 2026, 02:19 AM IST | 1 min read
Share:

जानवर को बचाने के चक्कर में फिसली बाइक, तीन सवार सड़क पर गिरे; दो की हालत गंभीर

सिहावल। सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अतरैला में बुधवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक पर सवार तीन लोग अचानक सामने आए जानवर को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठे, जिससे मोटरसाइकिल सड़क पर फिसल गई। हादसे में बाइक सवारों को गंभीर चोटें आईं। इनमें दो युवकों की हालत गंभीर बताई गई है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल संजीवनी 108 और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की टीम डॉक्टर शिवशंकर और पायलट गोविंद प्रसाद मिश्रा के साथ मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल में भर्ती कराया गया।

सीएचसी में डॉक्टर राकेश शर्मा ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। गंभीर रूप से घायल राजबहोर कोल पिता संकट काल, उम्र 24 वर्ष, निवासी घोपारी के चेहरे और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में उसका जबड़ा फट गया और चेहरे पर करीब 9 टांके लगाए गए।

वहीं दूसरे घायल संजय कोल पिता गंगा कोल, उम्र 20 वर्ष, निवासी हर्दी के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि वह बेहोशी की अवस्था में था। दोनों घायलों को आगे के उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है।

108 एंबुलेंस के जिला संयोजक धनंजय यादव ने बताया कि दोनों मरीजों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NW 2545 से उन्हें उपचार के लिए आगे भेजा गया। हादसे में गंभीर चोटों के कारण दोनों को बेहतर उपचार की आवश्यकता थी।

हादसे में बाइक पर तीन लोगों के सवार होने और अचानक जानवर को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।