हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की पहली प्राथमिकता- विश्वामित्र पाठक

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 09 Oct 2026, 02:57 PM IST | 1 min read
Share:

हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता – विश्वामित्र पाठक
——
सेवा संकल्प अभियान के तहत अमिलिया में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित
——-

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र सिहावल के अमिलिया में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में नेत्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

विधायक विश्वामित्र पाठक ने शिविर में पहुंचे मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली और चिकित्सकों से जांच एवं उपचार की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इनका उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित लोगों तक शासकीय योजनाओं और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत आयोजित ऐसे शिविरों से लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं और उन्हें सामान्य जांच एवं उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होती है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि मरीजों की जांच एवं उपचार में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा जिन मरीजों को आगे उपचार की आवश्यकता है, उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं। समय पर नेत्र परीक्षण और उपचार से दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर मरीजों को राहत प्रदान की जा सकती है।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिकेश शर्मा ने बताया कि शिविर में नेत्र संबंधी समस्याओं से प्रभावित स्कूली बच्चों एवं 40 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का नेत्र परीक्षण किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से लोगों को नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान, उपचार एवं चश्मे की उपलब्धता जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की नेत्र जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया। जिन मरीजों को आगे उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें आगामी उपचार एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने बच्चों को चश्मे एवं चॉकलेट वितरित की, जबकि बुजुर्गों को चश्मे के साथ शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एसडीएम राजेश शुक्ला, सिद्धार्थ गौतम, जयशंकर द्विवेदी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, गजराज सिंह, कपूर चंद्र साहू, संतोष पाण्डेय, संतोष शुक्ला सहित अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।