झुमरिया में घर के अंदर फंदे पर मिली 21 वर्षीय युवती,पिता के घर लौटने पर सामने आई घटना..
सीधी
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम झुमरिया में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में शोक का माहौल है। शनिवार को रुचि मिश्रा का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना का पता उस समय चला, जब उनके पिता घास काटकर घर लौटे और बेटी को आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read
पिता के घर पहुंचने पर चला पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह रुचि घर के रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थीं। करीब 10 बजे उनके पिता कृष्ण कुमार मिश्रा घास काटकर घर लौटे। उन्होंने पानी मांगा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बेटी को तलाशते हुए कमरे में पहुंचे, जहां रुचि फंदे पर लटकी मिलीं। घटना के समय उनकी मां घरेलू कामकाज में व्यस्त थीं, जबकि भाई मुगल चौक स्थित दुकान पर थे।
मर्ग कायम, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलने पर बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।



