जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर शिवसेना ने जताई नाराजगी, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी..
डॉक्टरों की अनुपस्थिति, चोरी, भर्ती प्रक्रिया और सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल; CMHO को सौंपा शिकायत पत्र
Also Read
सीधी। जिला अस्पताल सीधी की व्यवस्थाओं को लेकर शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को शिकायत पत्र सौंपकर विभिन्न समस्याओं की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर शिवसेना लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
विवेक पाण्डेय ने अस्पताल में डॉक्टरों की कथित अनुपस्थिति, मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलने, सरकारी मशीनों एवं संपत्ति की चोरी, सफाई व्यवस्था में लापरवाही और रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल गरीबों और जरूरतमंदों के उपचार का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाओं में लापरवाही की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने अस्पताल से चोरी हुई मशीनों एवं सरकारी संपत्ति की बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही डॉक्टरों की उपस्थिति, निजी क्लीनिकों को अधिक समय देने संबंधी शिकायतों तथा अस्पताल में स्वीकृत और रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट करने की बात कही। शिकायत पत्र में उल्लेखित भर्ती प्रक्रिया की भी जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
शिवसेना ने अस्पताल की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करने के साथ ही शिकायतों पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
विवेक पाण्डेय ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि इन मामलों में समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो शिवसेना जिला प्रशासन और उच्च स्वास्थ्य अधिकारियों के समक्ष मुद्दा उठाते हुए जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
इस दौरान शिवसेना जिला अध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, जिला उपाध्यक्ष हृदेश त्रिवेदी उर्फ हित्तू, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, नगर सहसंयोजक राजन मिश्रा, युवा कोषाध्यक्ष लाल वर्मा, विकास वर्मा एवं अनुपम दुबेदी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



