जन विश्वास शिविर के तहत 9 अक्टूबर को आईटीआई मझौली में होगा रक्तदान शिविर..

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 08 Oct 2026, 02:53 PM IST | 1 min read
Share:

जन विश्वास शिविर के तहत 9 अक्टूबर को आईटीआई मझौली में होगा रक्तदान शिविर..

अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर जीवन बचाने में सहभागी बनने की अपील..

संजय सिंह मझौली सीधी
जन विश्वास शिविर मझौली के अंतर्गत 9 अक्टूबर 2026 को आईटीआई मझौली में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में सहयोग टीम के सदस्यों द्वारा शासकीय महाविद्यालय मड़वास एवं शासकीय महाविद्यालय मझौली में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व, इसकी आवश्यकता तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में रक्तदाताओं की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।
इसी क्रम में आईटीआई मझौली के विद्यार्थियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें, ताकि शिविर में अधिक से अधिक लोग सहभागी बन सकें।
इस दौरान सहयोग टीम के सदस्य चंद्रकांत सिंह विकासखंड प्रबंधक ग्रामीण आजीविका मिशन मझौली, अरविंद तिवारी जनपद पंचायत मझौली तथा डॉ. संदीप शर्मा शासकीय महाविद्यालय मझौली उपस्थित रहे।
रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए नागरिकों एवं युवाओं से 9 अक्टूबर को आईटीआई मझौली में आयोजित रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है।