उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों से निकलकर एक कॉलर वाला जंगली हाथी सामान्य वनमंडल के चंदिया क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथी के धतूरा, कौड़िया और मझगवां के जंगलों में मूवमेंट की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। हाथी की मौजूदगी की खबर से जंगल से लगे गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
Also Read
हाथी के सामान्य वनमंडल की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही चंदिया और उमरिया परिक्षेत्र के वन अमले को निगरानी के लिए सक्रिय किया गया है। संभावित मूवमेंट वाले इलाकों में वनकर्मियों की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम भी हाथी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
कॉलर से पल-पल ट्रेस हो रहा मूवमेंट
बताया जा रहा है कि हाथी के गले में रेडियो कॉलर लगा हुआ है। इसी के माध्यम से वन विभाग उसकी लोकेशन और मूवमेंट की निगरानी कर रहा है। हाथी किस दिशा में बढ़ रहा है और किन इलाकों से गुजर रहा है, इसकी जानकारी जुटाकर संबंधित क्षेत्रों में पहले से ही सतर्कता बरती जा रही है।
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाथी और ग्रामीणों के बीच संभावित टकराव को रोकना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जंगल से लगे इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। वन विकास निगम और पुलिस अमले को भी निगरानी व्यवस्था में शामिल किया गया है।
गांवों में मुनादी, जंगल जाने से बचने की अपील
हाथी के मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे हाथी के संभावित मार्ग वाले जंगल और खेतों की ओर जाने से बचें। विशेष रूप से अकेले जंगल जाने और रात के समय खेतों में जाने से सावधानी बरतने को कहा गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से यह भी अपील की है कि यदि हाथी दिखाई देता है तो उसके करीब जाने, फोटो या वीडियो बनाने, उसे घेरने अथवा भगाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि चंदिया क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के बावजूद अभी तक किसी व्यक्ति, मकान या फसल को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। वन अमला लगातार हाथी की लोकेशन ट्रेस कर रहा है और उसके हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल चंदिया क्षेत्र में कॉलर वाले हाथी की दस्तक ने वन विभाग की सक्रियता बढ़ा दी है। अब निगाह इस बात पर है कि हाथी आगे किस दिशा में बढ़ता है और सामान्य वनमंडल के जंगलों में उसका मूवमेंट कितने समय तक बना रहता है।



