सीधी में कांग्रेस का प्रदर्शन: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग, पुतला दहन कर लगाए नारे
कलेक्ट्रेट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह बोले- भाजपा के इशारे पर काम कर रहा चुनाव आयोग; प्रदर्शन के दौरान जमोड़ी और कोतवाली पुलिस रही तैनात
Also Read
सीधी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को सीधी जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। दोपहर करीब 1:40 बजे पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग के साथ उनके खिलाफ कड़े नारे भी लगाए गए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग के काम करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने यह आंदोलन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा सरकारी तंत्र का उपयोग किया जा रहा है और इससे लोकतंत्र के सामने खतरा पैदा हो रहा है। इसी कारण कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
इस्तीफा क्यों मांग रही कांग्रेस?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग का प्रमुख मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही तथा पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका है। कांग्रेस ने मतदाता सूची में किए गए बदलावों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने और जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें जानकारी व अपील का अवसर देने की मांग की है।
वहीं, चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रियाओं को कानून के अनुरूप बताते हुए मतदाता सूची से जुड़े मामलों की समीक्षा और सॉफ्टवेयर की जांच के कदम उठाए हैं।
पुलिस रही तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए जमोड़ी और कोतवाली थाना पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रदर्शन की जानकारी पुलिस को पहले से थी, जिसके चलते मौके पर पुलिस बल भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।



