जरूरतमंद महिला के लिए ‘देवदूत’ बने शिवसैनिक करण साहू..
गंभीर हालत की सूचना मिलते ही पहुंचे ब्लड बैंक, किया रक्तदान; युवाओं से रक्तदान की अपील..
Also Read
सीधी। ग्राम पतेहरा निवासी करीब 45 वर्षीय विनोद कुमारी सिंह चौहान की तबीयत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ी। शरीर में रक्त की मात्रा बेहद कम हो जाने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। एक यूनिट रक्त चढ़ाए जाने के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजनों को अतिरिक्त रक्त की आवश्यकता थी।
मरीज की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने पर शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारा सूचना दी गई। इसके बाद बिना किसी देरी के निगरी निवासी डिगन साहू के पुत्र एवं शिवसैनिक करण साहू स्वयं आगे आए और ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से जरूरतमंद महिला के उपचार में महत्वपूर्ण मदद मिली।
रक्तदान के बाद करण साहू ने कहा कि प्रत्येक युवा को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। विशेषकर ऐसे समय में जब किसी जरूरतमंद मरीज के साथ उसका अपना कोई व्यक्ति मौजूद न हो, तब रक्तदान करना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान जरूरतमंद के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि रक्तदान करने से पहले आवश्यक जांच-पड़ताल कर यह सुनिश्चित करें कि रक्त वास्तव में जरूरतमंद मरीज तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के लिए किया गया रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।
इस अवसर पर शिवराज पाठक एवं विष्णु प्रसाद साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



