कौड़िया पुल के पास दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, दो युवकों की मौत

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 08 Oct 2026, 02:03 PM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में जरहा चौराहा के आगे कौड़िया पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृतलाल पिता प्यारेलाल बैगा उम्र करीब 25 वर्ष, कैलाश पिता रामबली बैगा उम्र करीब 24 वर्ष और सागर बैगा उम्र करीब 30 वर्ष, पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 54 जेडबी 3918 से उमरिया की ओर से घुलघुली की तरफ जा रहे थे।

इसी दौरान दूसरी ओर से मंगल कोल अपने नाती शंकर कोल के साथ बाइक क्रमांक एमपी 54 एम 1263 से अपने ग्राम भुंन्डी की ओर जा रहे थे। कौड़िया पुल के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमृतलाल बैगा और कैलाश बैगा के रूप में बताई जा रही है। वहीं सागर बैगा घायल हुआ है।

घायल सागर बैगा को 112 की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय उमरिया ले जाया गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मंगल कोल के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मंगल कोल अपने नाती शंकर कोल के साथ निजी वाहन से उपचार के लिए उमरिया अस्पताल पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।