खामघाटी के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला बाइक सवार, सिर में गंभीर चोट

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 21 Oct 2026, 01:29 PM IST | 0 min read
Share:

खामघाटी के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला बाइक सवार, सिर में गंभीर चोट; 108 एंबुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल

सीधी। जिले के खामघाटी के पास मंगलवार देर रात एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई है। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 11 बजे हुआ। 108 एंबुलेंस के चालक ऋषिमन द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा था। उसके पास एक राहगीर मौजूद था। घायल के सिर से काफी खून निकल रहा था और वह बेहोशी की हालत में था। गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस की मदद से उसे तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी लाया गया।

घायल के बेहोश होने के कारण उसकी पहचान और पता नहीं चल पाया। मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार मझौली की तरफ जा रहा था। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि सड़क पर अचानक गड्ढा आने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और चालक गिरकर घायल हो गया।

पुलिस को आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी तक थाने में सूचना नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा केवल दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

घटना के बाद घायल की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की कार्रवाई और घायल की पहचान सामने आने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी मिल सकेगी।