कलेक्टर के निर्देश पर सोनगढ़-भुईमाड़ की शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण
अधिकारियों ने परखी शाला संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता
Also Read
भुईमाड़। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार गुरुवार को सोनगढ़ एवं भुईमाड़ जन शिक्षा केन्द्र अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालयों में शाला संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता और मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय माध्यमिक शाला भंवरखोह, प्राथमिक शाला पहाड़ टोला, हाईस्कूल सोनगढ़ एवं प्राथमिक शाला देवरी का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालय निर्धारित समय पर नियमित रूप से संचालित हों तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। साथ ही बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बच्चों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
अधिकारियों ने विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा गया कि किसी भी बच्चे को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
स्वच्छ और बेहतर वातावरण में पढ़ेंगे बच्चे
बरसात का मौसम समाप्त होने को देखते हुए विद्यालय भवन और परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने भवनों की सफाई, पोताई, पेंटिंग एवं आवश्यक लेखन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शाला संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति अथवा शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की शालाओं में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना तथा बच्चों को नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करना रहा।



