कलेक्टर ने जनपद एवं तहसील कार्यालय मझौली का किया निरीक्षण..
शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश..
Also Read
संजय सिंह मझौली सीधी
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर विकास मिश्रा ने जनपद पंचायत मझौली एवं तहसील कार्यालय मझौली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित शासकीय कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों से संबंधित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने आमजन को शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने जनपद पंचायत के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। वहीं, तहसील कार्यालय में राजस्व प्रकरणों के निराकरण, अभिलेखों के संधारण तथा नागरिकों को राजस्व सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी अभियान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन जनपद पंचायत सुरभि श्रीवास्तव उपस्थित रही।



