कोदई और सूअर का मांस खाने से एक ही परिवार के 5 की तबीयत बिगड़ी..
जिला अस्पताल में भर्ती, दो वर्षीय बच्ची की हालत नाजुक
Also Read
फूड पॉइजनिंग की आशंका
सीधी
जिले के शिवपुरवा गांव में शनिवार रात कोदई समेत अन्य खाद्य पदार्थ खाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर देर रात जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। बीमारों में दो वर्षीय बच्ची भी शामिल है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों ने शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रात के भोजन के करीब एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
पीड़ित गोविंद बंसल (52) के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे परिवार ने भोजन किया था। खाने में लौकी की सब्जी, सूअर का मांस और कोदई शामिल थी। भोजन करने के करीब एक घंटे बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। एक के बाद एक सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे परिजन घबरा गए। स्थिति बिगड़ने पर मदद के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंचीं दो एंबुलेंस, जिला अस्पताल में भर्ती
108 एंबुलेंस के चालक जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 2 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। इसके बाद सभी बीमारों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बीमारों में दो साल की बच्ची भी शामिल
प्रभावित परिवार के सदस्यों में गोविंद बंसल (52), अनामिका बंसल (2), शतेंद बंसल, राम बंसल और सुमित बंसल (50) शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, दो वर्षीय अनामिका की हालत नाजुक बनी हुई है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने से परिजन चिंतित हैं।
जांच के बाद स्पष्ट होगा बीमारी का कारण
भोजन में कोदई, लौकी की सब्जी और सूअर का मांस शामिल होने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी है। चिकित्सकों ने शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है, लेकिन किस खाद्य पदार्थ या अन्य कारण से यह स्थिति बनी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।



