कुसमी में बनाई गई शान्ति समिति, एसडीएम व थाना प्रभारी ने ली बैठक, लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 14 Oct 2026, 12:49 AM IST | 1 min read
Share:

कुसमी में दुर्गा उत्सव और विसर्जन को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

सभी दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन के दिन दोपहर 2 बजे एक स्थान पर एकत्रित करने का निर्णय, शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

कुसमी। मां दुर्गा उत्सव एवं प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कुसमी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम सागर दिलीप जैन, थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में एसडीएम सागर दिलीप जैन ने कुसमी क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं, पंडालों की व्यवस्था और विसर्जन स्थलों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की समिति बनाकर विसर्जन व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। साथ ही क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में दुर्गा उत्सव मनाने की अपील की।

विसर्जन व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में कुसमी क्षेत्र के दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करने, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि विसर्जन के दिन सभी दुर्गा प्रतिमाओं को दोपहर 2 बजे कुसमी में एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया जाएगा, ताकि विसर्जन की व्यवस्था समन्वित तरीके से की जा सके।

थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने दुर्गा उत्सव समितियों एवं नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।

बिजली सुरक्षा और अनावश्यक खपत से बचने की अपील

बैठक में राजेंद्र सिंह राजपूत ने दुर्गा उत्सव समितियों से बिजली सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने अपील की कि खुले या कटे-फटे बिजली के तारों के पास पंडाल न लगाए जाएं तथा अस्थायी बिजली कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग किया जाए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली की अधिक खपत के कारण ट्रांसफार्मर ट्रिप होने से आपूर्ति बाधित होती है। ऐसे में दिन के समय अनावश्यक रूप से बिजली का उपयोग न करने और ऊर्जा बचत में विद्युत विभाग का सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में उपस्थित सभी लोगों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा विसर्जन के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमल जायसवाल, व्यापारी एकता संघ अध्यक्ष मनोज गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, डॉ. ए. एच. अंसारी, डॉ. रईस खान, बीसीएम देवेंद्र सिंह, डॉ. विनय श्रीवास्तव, कलेश्वर प्रजापति, राय सिंह, तिलकधारी सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।