# कुसमी में मोबाइल हैकिंग की आशंका, व्हाट्सएप पर पहुंच रही संदिग्ध PDF से रहें सावधान
**व्यवसायी शंभू गुप्ता के नंबर से लोगों को भेजी जा रही फाइल, अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील**
Also Read
**कुसमी।** कुसमी के व्यवसायी शंभू गुप्ता के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर संदिग्ध पीडीएफ फाइल और लिंक भेजे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शंभू गुप्ता ने फेसबुक के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि उनके मोबाइल नंबर से किसी प्रकार का लिंक या संदिग्ध फाइल प्राप्त होती है, तो उसे बिल्कुल भी न खोलें।
बताया गया कि उनके नंबर से एक पीडीएफ फाइल व्हाट्सएप पर प्राप्त होने के बाद कई लोग भ्रमित हो सकते हैं। एक व्यक्ति के व्हाट्सएप नंबर पर भी यह फाइल पहुंची, लेकिन शंभू गुप्ता की फेसबुक पोस्ट याद आने पर उन्होंने लिंक को नहीं खोला।
### अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
मोबाइल हैक होने की आशंका के बीच लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। साइबर ठगी करने वाले संदिग्ध लिंक या फाइल के जरिए लोगों को निशाना बना सकते हैं। इसलिए किसी परिचित के नंबर से भी कोई अनजान लिंक या पीडीएफ आए, तो उसकी पुष्टि किए बिना उसे न खोलें और न ही आगे किसी को भेजें।
**सावधानी ही बचाव है:** यदि किसी परिचित के मोबाइल से संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो उस व्यक्ति से फोन पर सीधे पुष्टि करें। किसी भी स्थिति में अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी, बैंक संबंधी विवरण या ओटीपी साझा न करें।



