नदी में मछली के जाल में फंसा मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस
सीधी के गेदुरा गांव की घटना, दुर्गंध आने पर ग्रामीण ने देखा शव; नवजात की पहचान करने में जुटी पुलिस
Also Read
सीधी। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेदुरा में गुरुवार दोपहर नदी किनारे मछली पकड़ने के जाल में लिपटा नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, मनकीकर निवासी नागेंद्र शुक्ला नदी में मोटर लगाकर सिंचाई कर रहे थे। बिजली आने के बाद उन्होंने अपने बालक को मोटर की स्थिति देखने के लिए नदी किनारे भेजा। इसी दौरान बालक को दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर मछली पकड़ने के जाल में लिपटा नवजात शिशु का शव दिखाई दिया।
इसके बाद नागेंद्र शुक्ला ने मोबाइल फोन से सेमरिया थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
नागेंद्र शुक्ला ने आशंका जताई कि किसी मछुआरे ने नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया होगा और पानी के बहाव के साथ नवजात का शव उसमें फंस गया होगा। हालांकि, शव जाल में कैसे पहुंचा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि नवजात का शव प्रारंभिक तौर पर एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवजात की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी तक कैसे पहुंचा, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है।



