महखोर में बोलेरो-बाइक की जोरदार भिड़ंत, घायल सड़क पर तड़पता रहा; आधे घंटे इंतजार के बाद भी नहीं पहुंची एंबुलेंस
सीधी। जिले के टिकरी चौकी अंतर्गत ग्राम महखोर में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार रामेश्वर विश्वकर्मा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल को इलाज के लिए निजी वाहन के माध्यम से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
Also Read
बताया गया कि बोलेरो वाहन सीधी की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार रामेश्वर विश्वकर्मा मझौली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान महखोर गांव के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार को चोटें आईं और उनके शरीर से काफी खून बहने लगा।
आधे घंटे से ज्यादा एंबुलेंस का इंतजार
ग्रामीण चिंतामनी शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर आधे घंटे से अधिक समय तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची।
घायल की हालत को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। खून अधिक बहने के कारण ग्रामीणों ने इंतजार करना उचित नहीं समझा और निजी वाहन/ऑटो की मदद से रामेश्वर विश्वकर्मा को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंभीर हादसे में समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचती है तो घायल की जान पर भी खतरा हो सकता है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
टिकरी चौकी प्रभारी प्रमोद द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायतकर्ता द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले में शिकायत का इंतजार कर रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए हैं।



