मायके जाने से नाराज पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, दुकान बाहर से बंद कर भागा
सीधी के महखोर गांव की घटना, 50 प्रतिशत से अधिक झुलसी महिला; मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किए बयान, पुलिस ने शुरू की जांच
Also Read
सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महखोर में घरेलू विवाद के दौरान एक पति द्वारा अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के समय महिला छोटी दुकान (गोमती) में बैठी थी। पति ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी और बाहर से दुकान का दरवाजा बंद कर दिया। घटना में महिला 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया है।
पीड़िता रौशनी गुप्ता, पति रामजी गुप्ता के अनुसार, पति-पत्नी के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था। हाल ही में महिला की नानी का निधन हो गया था। इसी सिलसिले में वह अपने पति और सास-ससुर के साथ मायके गई थी, जहां तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी वापस लौटे थे। महिला के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले ही वह मायके से ससुराल आई थी।
पीड़िता ने बताया कि घटना के समय वह अपनी छोटी दुकान में बैठी थी। तभी पति ने मायके जाने को लेकर नाराजगी जताई और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान पति ने उस पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी और दुकान को बाहर से बंद कर दिया। आसपास के लोगों ने जब महिला की चीख-पुकार सुनी तो उन्होंने आवाज लगाई और दुकान खुलवाई। इसके बाद महिला को जली हुई अवस्था में बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मड़वास पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़वास पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिला अस्पताल में भी पुलिस टीम पहुंची और मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए मजिस्ट्रेट राकेश शुक्ला रात करीब एक बजे अस्पताल पहुंचे और पीड़िता व उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि महिला 50 प्रतिशत से अधिक झुलसी हुई थी, इसलिए किसी अनहोनी से पहले मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करना आवश्यक था। पुलिस अब दर्ज बयानों और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।



