नशे के खिलाफ उत्कृष्ट कार्यवाही पर कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी सम्मानित।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 05 Oct 2026, 12:21 PM IST | 1 min read
Share:

नशे के खिलाफ उत्कृष्ट कार्रवाई पर कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी सम्मानित।

“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान में प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

सीधी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुसमी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी को सम्मानित किया गया है। मध्य प्रदेश पुलिस एवं फ्री प्रेस की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कुसमी थाना पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

कुसमी पुलिस की कार्रवाई और जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका को देखते हुए निरीक्षक अरुणा द्विवेदी को यह सम्मान दिया गया। सम्मान को नशे के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है।

एसपी संतोष कोरी ने दी बधाई

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने निरीक्षक अरुणा द्विवेदी को उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं एवं समाज को जागरूक करना पुलिस की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।

नशामुक्त समाज के लिए अभियान जारी

सीधी पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का जोर कार्रवाई के साथ युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करने पर भी है।