उमरिया
नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में पाली एसडीएम कार्यालय परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक मेंi पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और पूजा पंडालों की निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
Also Read
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि और दशहरा के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा पूजा स्थलों और जुलूसों में फूहड़ एवं अश्लील गीत बजाने की भी अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने आयोजन समितियों से नियमों का पालन करते हुए धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संचालित करने की अपील की।
दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने वाली सभी समितियों को एसडीएम कार्यालय में इसकी सूचना देना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने समितियों को पंडाल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। पंडालों में अग्निशमन यंत्र रखना, बिजली की सुरक्षित वायरिंग कराना और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करना अनिवार्य रहेगा।
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वहीं, आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की नजर भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष रूप से रहेगी।
नगर पालिका को पर्व के दौरान नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य मार्गों, पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखने को कहा गया है।
बैठक में स्वास्थ्य एवं अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अपनी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में एसडीएम मीनाक्षी बंजारे, तहसीलदार निलेश सिंह, लक्ष्मीकांत शर्मा, थाना प्रभारी गोविंद सिंह, भाजपा नेता सरजू प्रसाद अग्रवाल, विमल अग्रवाल, चिंटू सोनी, प्रदीप बहादुर सिंह, सुदामा विश्वकर्मा, कामता विश्वकर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उषा कोल, सुरेश विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान आस्था के साथ सुरक्षा और व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। आयोजन समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई।



