पहले निमंत्रण मे बुलाया, फिर छत से धक्का देकर उतारा मौत के घाट

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 30 Sep 2026, 02:26 PM IST | 0 min read
Share:

सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के बम्हनी पुलिस चौकी अंतर्गत ओबरा गांव में 20 सितंबर को हुई कैलाश साकेत की मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पुलिस कार्रवाई के बाद मृतक की मां और भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि ग्राम ओबरा में रामाधीन साकेत के यहां पारिवारिक कार्यक्रम था। इसी दौरान दिलीप साकेत, रघुवीर साकेत और कैलाश साकेत छत पर बैठकर भोजन कर रहे थे। किसी बात को लेकर कैलाश और रघुवीर के बीच विवाद हुआ। परिजनों के अनुसार, इसी दौरान रघुवीर ने कैलाश को धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे गिर गए।

जिस स्थान पर कैलाश गिरे, वहां रेता रखा हुआ था और उसके आसपास ईंटें लगी थीं। परिजनों के मुताबिक, कैलाश के कान और सिर पर चोट के निशान मिले। घटना की सूचना बम्हनी पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच और विवेचना शुरू की।

पुलिस विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर एक व्यक्ति को आरोपी बनाया गया और उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। हालांकि, अब मृतक के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले में नए आरोप लगाए हैं।

मृतक की मां और भाई का आरोप है कि कैलाश और रघुवीर के बीच पहले से पुरानी रंजिश और अनबन चल रही थी। परिवार का दावा है कि इसी रंजिश के चलते कैलाश के साथ जानबूझकर घटना को अंजाम दिया गया। परिजनों ने मामले में हत्या की धाराओं में कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की विवेचना और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। वहीं, मृतक के परिजन लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।