पुलिस की गाड़ी डायल 112 ने मारी बाइक को टक्कर महिला हुई घायल

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 09 Oct 2026, 08:04 AM IST | 1 min read
Share:

रामपुर नैकिन में डायल 112 ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, महिला घायल; जिला अस्पताल रेफर

जुझारी घटिया के पास हुआ हादसा, डायल 112 चालक ने बताया- अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा; थाना प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन ब्लॉक अंतर्गत जुझारी घटिया के पास डायल 112 वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक महिला घायल हो गई, जबकि उसके पति को चोट नहीं आई। घायल महिला को रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सीधी के लिए रेफर किया गया है। महिला की पहचान हरछाटिया बहेलिया (40 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया जा रहा है।

तेज रफ्तार में थी डायल 112, टक्कर के बाद गिरी महिला

108 एंबुलेंस के चालक विकास त्रिपाठी ने बताया कि डायल 112 वाहन तेज रफ्तार से जा रहा था। इसी दौरान उसने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। हादसे में महिला के सिर, हाथ और पैर में चोट आई है, जबकि उसके पति को चोट नहीं लगी। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

दूसरे इवेंट पर जा रही थी डायल 112

डायल 112 के चालक तरुण चतुर्वेदी ने बताया कि वाहन एक इवेंट पर तैनात था और मारपीट से जुड़े दूसरे मामले की सूचना मिलने पर वहां पहुंचने के लिए जा रहा था। उनके अनुसार, बाइक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे बाइक रुक गई। अचानक ब्रेक लगने के कारण डायल 112 वाहन समय पर नियंत्रित नहीं हो सका और बाइक को पीछे से टक्कर लग गई। चालक ने बताया कि टक्कर के बाद महिला गिरकर घायल हुई, जिसके बाद उसे अस्पताल भिजवाया गया।

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। संबंधित चालक को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में जिसकी भी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, हादसे के कारणों को लेकर दोनों पक्षों के बयानों के बीच पुलिस की जांच महत्वपूर्ण है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।