एसडीएम सागर जैन ने अस्पताल और जनकल्याण शिविर का किया औचक निरीक्षण
**भदौरा पंचायत भवन में हितग्राहियों से की चर्चा, अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता का लिया जायजा**
**कुसमी।** क्षेत्र में शासकीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए एसडीएम सागर जैन ने भदौरा पंचायत भवन में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं निर्मल वर्मा आयुर्वेदिक अस्पताल भदौरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
Also Read
एसडीएम सागर जैन सबसे पहले भदौरा पंचायत भवन में आयोजित जनकल्याण शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने शिविर में मौजूद कर्मचारियों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा उपस्थित मरीजों और हितग्राहियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही न बरतें।
इसके बाद एसडीएम निर्मल वर्मा आयुर्वेदिक अस्पताल भदौरा पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपलब्ध दवाइयों की स्थिति देखी। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
**लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई**
मीडिया से चर्चा के दौरान एसडीएम सागर जैन ने बताया कि क्षेत्र में शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण किया जाएगा। इसमें अस्पतालों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों और स्कूलों का भी निरीक्षण शामिल रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी संस्थान में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम के इस निरीक्षण को क्षेत्र की शासकीय व्यवस्थाओं की निगरानी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



