जिले की 417 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
——-
टमसार में विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
——-
योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता – विधायक टेकाम
——–
जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत सोमवार को 417 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से हितग्राहियों से संवाद कर शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभाव तथा उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली गई।
Also Read
इसी क्रम में कुसमी परियोजना एवं चुरहट परियोजना अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विशेष रूप से लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया गया। हितग्राहियों से योजनाओं से प्राप्त लाभ, उनके परिवार एवं जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन तथा योजनाओं के कारण मिली सहायता के संबंध में जानकारी ली गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं बच्चों के बीच खुशनुमा वातावरण में संवाद हुआ। हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कुसमी परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र टमसार-5 में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद सदस्य जमुनी देवी तथा टमसार सरपंच मकरंद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने टमसार पंचायत की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम में बच्चों को खिलौने एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को फल एवं मिठाई भी वितरित की गई। कार्यक्रम में बच्चों के साथ संवाद करते हुए उनके लिए उपलब्ध पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी भी ली गई।
इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं हैं, बल्कि यह महिलाओं और बच्चों के लिए शासन की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं एवं बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ हितग्राहियों से सीधे संवाद किया जा रहा है, ताकि यह जाना जा सके कि योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों के जीवन में किस प्रकार का परिवर्तन ला रहा है।
विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन और ग्रामीण परिवारों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे अपने क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों और परिवारों से निरंतर संपर्क में रहकर पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी पहुंचाती हैं। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इसी समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम इसी भावना को मजबूत करने का माध्यम है, जिसमें जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और हितग्राही एक साथ बैठकर योजनाओं और उनकी उपयोगिता पर संवाद कर रहे हैं।
जिले के 417 आंगनबाड़ी केंद्रों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, संवाद और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित हितग्राहियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए आभार व्यक्त किया है।



