सीधी मे 5 दिन हाथियों की होंगी मजे, खाएंगे फल, सब्जी, केला वा गन्ना, होंगी मालिस

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 10 Oct 2026, 07:46 AM IST | 1 min read
Share:

संजय टाइगर रिजर्व में हाथी महोत्सव का आगाज, बापू-भरत समेत चार हाथियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

14 अक्टूबर तक चलेगा रिजुवनेशन कैंप, हाथियों को खिलाए फल और गन्ना; वन्यजीव संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार पर दिया गया जोर

सीधी। संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन परिक्षेत्र दुबरी की खैरी झील में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को हाथी महोत्सव एवं रिजुवनेशन कैंप का शुभारंभ किया गया। 14 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस शिविर में हाथियों के स्वास्थ्य परीक्षण, विशेष देखभाल और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन के साथ हुई।

समारोह में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, कलेक्टर विकास मिश्रा, संजय टाइगर रिजर्व के उप संचालक राजेश कन्ना टी., वन्य प्राणी वार्डन डॉ. कैलाश तिवारी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया।

चार हाथियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर में वन्य प्राणी विशेषज्ञ डॉ. अभय सेंगर और नानाजी देशमुख वेटरनरी कॉलेज, जबलपुर की विशेषज्ञ टीम ने संजय टाइगर रिजर्व के हाथियों बापू, भरत, चित्रा और शांभवी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के लिए रक्त, गोबर सहित आवश्यक नमूने एकत्र कर परीक्षण हेतु भेजे गए।

हाथियों की विशेष देखभाल करते हुए उनकी तेल मालिश की गई। साथ ही उन्हें केला, नारियल, सेब, अनार और गन्ना खिलाया गया। वन विभाग की ओर से महावतों को वर्दी, जूते और टॉर्च प्रदान की गईं।

पेट्रोलिंग श्रमिकों को मिली सामग्री

आईडीबीआई बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत पेट्रोलिंग श्रमिकों को टॉर्च, मच्छरदानी और पानी की बोतलें वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य जंगल में गश्त करने वाले श्रमिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

स्थानीय रोजगार पर दिया जोर

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि वन विभाग को स्थानीय लोगों को प्राथमिकता से रोजगार देना चाहिए, जिससे ग्रामीणों की आजीविका मजबूत हो और वन संरक्षण में उनकी भागीदारी बढ़े। कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन वन रक्षक शिवांगी द्विवेदी ने किया। कलेक्टर ने उनके प्रयासों की सराहना की। आयोजन सहायक संचालक मझौली हृदय लाल सिंह और वन परिक्षेत्र अधिकारी दुबरी/बस्तुआ कैलाश बामनिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। यह शिविर हाथियों की देखभाल और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है।