सीधी में बस क्लीनर की सरेराह पिटाई, पति-पत्नी समेत कई लोगों ने किया हमला; वीडियो वायरल
सम्राट पृथ्वीराज चौक पर मामूली कहासुनी के बाद मारपीट, पुलिस पहुंची तो मौके से भागे लोग
Also Read
सीधी। शहर के सम्राट पृथ्वीराज चौक पर मंगलवार रात करीब 9 बजे बस के क्लीनर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि द्विवेदी बस का क्लीनर दुकान से सामान लेने जा रहा था, तभी बाइक से घर जा रहे पति-पत्नी के साथ उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, द्विवेदी बस सीधी से अमिलिया मार्ग पर संचालित होती है। मंगलवार रात बस का क्लीनर बस से उतरकर पास की दुकान में सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान उसकी लल्ला बसौर और उनकी पत्नी से किसी बात को लेकर बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी ने क्लीनर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य लोग भी मारपीट में शामिल हो गए। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शी अजय गुप्ता ने बताया कि लल्ला बसौर और उनकी पत्नी क्लीनर के साथ मारपीट कर रहे थे। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले लोग वहां से जा चुके थे।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मंगलवार रात ही मिल गई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक संबंधित लोग वहां से भाग चुके थे। उनकी तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है।
शहर के व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर विवाद और मारपीट की स्थिति को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



