सीधी में बेजुबान पर बर्बरता! गाय की दोनों आंखें फोड़ीं, शहडोल में चल रहा इलाज
खुटेली गांव में गौवंश के साथ क्रूरता का आरोप, बहरी पुलिस ने दर्ज किया मामला; अटल गौ सेवा संस्थान शहडोल में घायल गाय का उपचार जारी, 40 ग्रामीणों ने संभाली देखभाल की जिम्मेदारी
Also Read
सीधी। जिले की बहरी तहसील अंतर्गत ग्राम खुटेली में गौवंश के साथ क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक गाय की दोनों आंखों को फोड़ने और उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। घायल गाय का उपचार शहडोल स्थित अटल गौ सेवा संस्थान में चल रहा है, जहां उसकी दोनों आंखों पर पट्टी बांधी गई है।
गांव के निवासी अनुरुद्ध पांडे के मुताबिक, गांव के ही कुछ लोगों पर गाय के साथ क्रूरता करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि गाय की दोनों आंखों को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त किया गया है। इस घटना को लेकर रविवार को बहरी थाना प्रभारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि पशु के साथ क्रूरता किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहडोल में इलाज, ग्रामीणों ने भी बढ़ाए मदद के हाथ
घटना के बाद घायल गाय की देखभाल के लिए ग्रामीण और समाजसेवी आगे आए हैं। गाय को उपचार के लिए शहडोल स्थित अटल गौ सेवा संस्थान में रखा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। दोनों आंखें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण उन पर पट्टी बांधी गई है।
वहीं, खुटेली गांव के करीब 40 लोगों ने गाय के खाने-पीने की व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली है। ग्रामीणों की ओर से भूसे और चारे की व्यवस्था की जा रही है, ताकि गाय की देखभाल में कोई कमी न रहे।
एक ओर गाय के साथ हुई कथित क्रूरता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है, तो दूसरी ओर घायल बेजुबान की मदद के लिए लोगों का आगे आना संवेदनशीलता की मिसाल बन रहा है। अब ग्रामीणों को पुलिस जांच के परिणाम और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार है।



