सीधी में छोटे व्यापारियों पर रोजी-रोटी का संकट, व्यापारी एकता संघ में जताया विरोध।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 02 Oct 2026, 07:43 AM IST | 1 min read
Share:

छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट, व्यापारी संघ ने जताया विरोध।

सीधी। सीधी शहर के पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। अब बसें नए बस स्टैंड से संचालित की जा रही हैं। पुराने बस स्टैंड को हटाकर यहां शॉपिंग मॉल बनाए जाने की प्रस्तावित योजना के बीच प्रशासन के इस फैसले से वर्षों से यहां कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।

शुक्रवार सुबह से ही बसों का संचालन नए बस स्टैंड से होता नजर आया। वहीं पुराने बस स्टैंड पर चाय-नाश्ता, फल, ठेले सहित अन्य छोटे कारोबार करने वाले व्यापारी अपनी दुकानें लगाए बैठे रहे। व्यापारियों का कहना है कि बसों का संचालन बंद होने से उनकी बिक्री पर सीधा असर पड़ा है और पहले ही दिन कारोबार लगभग ठप रहा।

25 वर्षों से कर रहे कारोबार

व्यापारियों ने बताया कि कई लोग करीब 25 वर्षों से पुराने बस स्टैंड परिसर में कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। बसों का संचालन बंद होने से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि लोकल बसों का संचालन पुराने बस स्टैंड से जारी रखा जाए तो यात्रियों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।

व्यापारी संघ ने सौंपा ज्ञापन

मामले को लेकर व्यापारी संघ और बस संचालकों ने विरोध दर्ज कराते हुए जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें पुराने बस स्टैंड से लोकल बसों का संचालन जारी रखने की मांग की गई। तहसीलदार ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन कलेक्टर तक पहुंचाया जाएगा तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बारिश के कारण रुका था काम, अब कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुई व्यवस्था

पूरे मामले को लेकर सीधी एसडीएम प्रिया पाठक ने बताया कि अधिक बारिश के कारण करीब दो महीने तक कार्य प्रभावित रहा था। अब कलेक्टर के निर्देश और आरटीओ द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार बस संचालन की व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि अब बसों का संचालन नए बस स्टैंड से ही किया जाएगा। व्यापारियों को भी नए बस स्टैंड में स्थानांतरित होकर कारोबार करने के लिए कहा गया है।

व्यापारियों के रोजगार पर उठे सवाल

प्रशासन द्वारा नए बस स्टैंड से बस संचालन शुरू किए जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल पुराने बस स्टैंड पर वर्षों से कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों के रोजगार को लेकर है। व्यापारी वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। वहीं लोकल बसों के संचालन को लेकर भी व्यापारी और बस संचालक प्रशासन से समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

फिलहाल नए बस स्टैंड से बस संचालन शुरू हो गया है, जबकि पुराने बस स्टैंड के व्यापारी अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए प्रशासन के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।

लोकेशन : सीधी, मध्य प्रदेश