सीधी में पुराने विवाद को लेकर दो युवकों पर हमला, सिर में लगे 37 टांके; पांच लोगों पर मारपीट का आरोप
शिवपूरवा चौराहे के पास ढाबे के नजदीक हुई घटना, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला; आरोपियों की तलाश जारी
Also Read
सीधी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवपूरवा चौराहे के पास गुरुवार रात दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल शिवम सिँह के अनुसार, उसके सिर में 22 टांके लगाए गए हैं, जबकि उसके साथी राकेश सिंह के सिर में 15 टांके लगे हैं। घटना को लेकर पुराने विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ढाबे के पास गुजरते समय हुई मारपीट
घायल शिवम सिँह ने बताया कि करीब एक साल पहले उसका मोहित सोंधिया के साथ विवाद हुआ था। शिवम का आरोप है कि इसी विवाद के बाद से मोहित उसे निशाना बनाने की योजना बना रहा था। गुरुवार रात वह अपने साथी राकेश सिंह के साथ ढाबे के पास से गुजर रहा था, तभी उनके साथ मारपीट की गई। शिवम के मुताबिक, हमले में उसके और उसके साथी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का उपचार चल रहा है।
पांच लोगों पर मारपीट का आरोप
इस मामले में मोहित सोंधिया, छोटू सोंधिया सहित तीन अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घायल पक्ष के अनुसार, मारपीट के दौरान रॉड और छूरे का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया। फिलहाल पुराने विवाद को लेकर हुई इस घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।
पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



