सीधी शहर के पार्किंग स्थल में स्थित एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 18 Oct 2026, 05:38 AM IST | 0 min read
Share:

सीधी के गांधी चौक में चाऊमीन, दोसा और पिज्जा की दुकान में लगी आग, 70 हजार से अधिक का नुकसान

सुबह दुकान में भड़की आग से पूरा सामान जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में पाया काबू, आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

सीधी। शहर के गांधी चौक स्थित पार्किंग स्थल में रविवार सुबह चाऊमीन, दोसा और पिज्जा बनाने वाली दुकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकानदार देवेंद्र सोनी को 70 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सोनी गांधी चौक पार्किंग स्थल में चाऊमीन, दोसा और पिज्जा की दुकान संचालित करते हैं। रविवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच दुकान में आग लग गई। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने दुकानदार को सूचना दी। इसके बाद देवेंद्र सोनी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

दुकानदार ने बताई आपबीती

देवेंद्र सोनी ने बताया कि वह रात में दुकान बंद करके घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान में आग लगने की सूचना मिली तो वह तत्काल मौके पर पहुंचे। उस समय आग काफी भीषण हो चुकी थी। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा पूरा सामान जल चुका था। दुकानदार के मुताबिक, आग से 70 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में पाया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम सक्रिय हुई। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाई और करीब 15 मिनट में उस पर नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने का खतरा कम हुआ।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेज दिया गया था। आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।