सेवा पखवाड़ा के तहत गोंडवाना मंदिर परिसर में हुआ पौधरोपण
विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने बताईं केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कुसमी। सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत गोंडवाना मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी ने अपने साथ एक-एक पौधा लाकर उसका रोपण किया तथा पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने अपने उद्बोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आमजन तक विकास और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, शुद्ध हवा उपलब्ध कराने और वर्षा चक्र को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
Also Read
जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने भी किया संबोधित
जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर पर्यावरण मिल सकता है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, सरपंच सीता सिंह, महामंत्री राजकुमार सिंह, थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी, एसडीओ बृजेन्द्र कोरी, सुशीला सिंह, इंजीनियर राकेश सिंह, धर्मपाल सिंह, केके सिंह, शेषमणि मिश्रा, देवेंद्र तिवारी, गुरुनानक गुप्ता, रामभद्र शुक्ला, रंगदेवी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और पौधों की देखभाल का संदेश दिया गया।



