शिवपुरवा गांव में उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद मचा हड़कंप

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 25 Oct 2026, 05:29 AM IST | 1 min read
Share:

सीधी में कोदई खाने के बाद पांच लोगों की बिगड़ी तबीयत, दो मासूम बच्चों की हालत नाजुक

शिवपुरवा गांव में उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद मचा हड़कंप, 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम शिवपुरवा में कोदई खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। हालत खराब होने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। इसके बाद दो एंबुलेंस की मदद से सभी पांच लोगों को जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, दो मासूम बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है।

108 एंबुलेंस के चालक जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि बीती शनिवार की देर रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि शिवपुरवा गांव में पांच लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही दो एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस स्टाफ ने सभी मरीजों को जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है।

रात में भोजन करने के एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत

पीड़ित गोविंद बंसल (52) ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे परिवार के लोगों ने भोजन किया था। खाने में लौकी की सब्जी, सूअर का मांस और कोदई शामिल थी। उनके मुताबिक, भोजन करने के करीब एक घंटे बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को उल्टी और दस्त होने लगे, जिसके बाद उनकी हालत लगातार खराब होती चली गई।

दो साल की बच्ची समेत पांच लोग प्रभावित

इस घटना में गोविंद बंसल (52 वर्ष), अन्मिका बंसल (2 वर्ष), श्तेंद बंसल, राम बंसल और सुमित बंसल (50 वर्ष) की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने बच्चों की हालत को लेकर चिंता जताई है।

फिलहाल सभी मरीज जिला चिकित्सालय सीधी में भर्ती हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। भोजन के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।