छिरोही पहाड़ी पर प्रतिदिन पहुंच रहे 3 हजार श्रद्धालु, सुरक्षा में जुटा वन विभाग
संकरे रास्ते और चट्टान पर दुर्घटना की आशंका, वन भूमि पर खुलीं 12 से अधिक दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू
Also Read
सीधी। रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम छिरोही की पहाड़ी पर माता के दर्शन के लिए प्रतिदिन तीन हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की समझाइश दी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो वन कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। वहीं, वन भूमि पर संचालित दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
संकरे रास्ते से गुजर रहे श्रद्धालु
पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित माता के कथित स्थान तक पहुंचने का रास्ता काफी संकरा है। यह स्थान चट्टान पर होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग के रेंजर, डिप्टी रेंजर और अन्य वन अमले ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सावधानीपूर्वक आने-जाने की सलाह दी। विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पहाड़ी पर चढ़ते और उतरते समय सतर्क रहें, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
वन भूमि से हटाई जा रहीं दुकानें
श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ पहाड़ी के आसपास दुकानें भी खुल गई हैं। यहां 12 से अधिक दुकानें संचालित होने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग ने शासकीय वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुकानदारों को बताया जा रहा है कि वन विभाग की जमीन पर बिना अनुमति कब्जा नहीं किया जा सकता। विभाग का कहना है कि वन भूमि पर अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
युवक के दावे के बाद बढ़ी भीड़
ग्राम छिरोही निवासी बसंत लाल सिंह गोंड़ ने दावा किया था कि पीथमपुर में नौकरी के दौरान उन्हें सपने में माता के बुलाने का अनुभव हुआ। इसके बाद वह गांव लौटे और 15 अक्टूबर को नीम के पेड़ के नीचे एक पत्थर पर माता जैसी आकृति मिलने की बात कही। इसकी जानकारी फैलने के बाद श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हुआ और अब प्रतिदिन हजारों लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
फिलहाल, वन विभाग ने सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने पर ध्यान केंद्रित किया है।



