सिंगरौली के बिलौजी स्थित एनसीएल बाउंड्री परिसर में लगे मेले के पहले ही दिन श्रम विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मेले में काम करते हुए 3 नाबालिग बाल श्रमिक पाए गए, जिन्हें टीम ने दस्तयाब कर बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर दिया। वहीं मेला संचालक के खिलाफ स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान श्रम विभाग के अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। जांच में यह भी सामने आया कि मेले में प्रतिबंधित “मौत का कुआं” खेल का संचालन किया जा रहा था। मध्यप्रदेश में इस प्रकार के खेल पर प्रतिबंध होने के बावजूद मेला संचालक द्वारा कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर इसका संचालन कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एनसीएल ने अपनी भूमि पर मेला लगाने की अनुमति पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और निर्धारित नियमों के पालन की शर्त पर दी थी। अनुमति पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि किसी भी शर्त या नियम का उल्लंघन होने पर अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद मेला संचालक स्थानीय राजनीतिक संरक्षण के दम पर मेले का संचालन कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि नियमों के उल्लंघन और बाल श्रम जैसे गंभीर मामलों में आगे क्या कार्रवाई होती है।







