कोयला परिवहन में लगे ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम

By: Editor

On: Saturday, July 18, 2026 5:25 AM

Follow Us
---Advertisement---

Singrauli जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोयला परिवहन में लगे एक ट्रेलर की चपेट में आने से राजेश विश्वकर्मा पिता गोविंद प्रसाद विश्वकर्मा उम्र 30 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

 

घटना से नाराज मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कोयला परिवहन वाहनों में तोड़फोड़ की भी सूचना है, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

 

सूचना मिलते ही बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए गोरबी चौकी प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

समाचार लिखे जाने तक स्थानीय लोग घटनास्थल पर डटे हुए थे। तहसीलदार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे।

 

गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहन कॉन्वॉय के रूप में नियमित रूप से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर कोयला परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की गति नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

For Feedback - Feedback@newzhub.in

Leave a Comment