सीधी
कमर्जी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हूडीह में मकान तोड़े जाने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस पर गांव के कुछ दबंग लोगों के साथ मिलकर गरीबों के मकान तोड़ने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कार्रवाई के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद था और पुलिस की मौजूदगी में मकान तोड़े गए।
ग्रामीणों के अनुसार रविवार 27 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे अचानक आधा दर्जन से अधिक लोग और पुलिस की दो गाड़ियां गांव पहुंचीं। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद उनके मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है।
Also Read
ग्रामीणों का कहना है कि वे मध्यप्रदेश शासन की जमीन पर मकान बनाकर रह रहे थे। उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोगों की शिकायत पर पुलिस को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में मकान तोड़े गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।
जाम में एंबुलेंस भी फंसी
चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। इस दौरान मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रही। ग्रामीणों ने तत्काल रास्ता खाली नहीं किया और अपनी मांगों पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का कहना था कि उनके पास रहने के लिए मकान नहीं है और आवागमन के लिए रास्ते को लेकर भी परेशानी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों के दबाव के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


