Singrauli News: पचौर में अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हाईवा और पीसी मशीन जब्त

By: Editor

On: Sunday, June 14, 2026 11:23 AM

Follow Us
---Advertisement---

सिंगरौली। जिले के बरगवां तहसील अंतर्गत ग्राम पचौर में शासकीय तालाब से हो रहे अवैध मिट्टी उत्खनन के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन कार्य में लगी हाईवा गाड़ियों एवं पीसी मशीन को जब्त कर लिया है। तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी के नेतृत्व में राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की।

 

जानकारी के अनुसार, पचौर स्थित शासकीय तालाब से पीसी मशीन के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही थी। आरोप है कि निकाली गई मिट्टी को टीएचडीसी परियोजना से जुड़ी सिमकोन कंपनी द्वारा देवरा स्थित निजी रेलवे साइडिंग में डंप कराया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।

 

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि तालाब की खुदाई कर मिट्टी का परिवहन किया जा रहा था, जिससे न केवल शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा था बल्कि तालाब की जल संग्रहण क्षमता भी प्रभावित हो रही थी। प्रशासन ने मौके पर मौजूद मशीनरी एवं वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी ने कहा कि शासकीय भूमि, तालाब और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं ग्रामीणों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि तालाबों और शासकीय भूमि को बचाने के लिए ऐसे कदम आवश्यक हैं। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो तालाब को गंभीर क्षति पहुंच सकती थी।

 

फिलहाल राजस्व एवं खनिज विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

For Feedback - Feedback@newzhub.in

Leave a Comment