चिटफंड और धोखाधड़ी के मामले में था फरार, न्यायालय के आदेश पर सीधी जेल भेजा गया
मड़वास/सीधी। मड़वास पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी अहसान खान (47 वर्ष), पिता असगर खान, निवासी कैथहा, चौकी मर्यादपुर, थाना रामनगर, जिला मैहर को उसके गृह ग्राम से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया।
Also Read
पुलिस के अनुसार, आरोपी अहसान खान थाना मझौली में दर्ज अपराध क्रमांक 81/2019 में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 471 और 120बी सहित चिटफंड एवं निक्षेपकों के हितों के संरक्षण से संबंधित अधिनियमों के तहत मामला दर्ज था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संतोष तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेश कुमार बैस के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 सितंबर 2026 को जिला मैहर के कैथहा गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
### गिरफ्तारी में इनकी रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक आरएस सोनवंशी, प्रधान आरक्षक विजय सिंह, आरक्षक राकेश पटेल, महिला आरक्षक शिक्षा तथा चौकी प्रभारी मर्यादपुर, थाना रामनगर की अहम भूमिका रही।



